Home चैनपुर 13 डिसमिल जमीन बेचने के बाद 88 डिसमिल की फर्जी रजिस्ट्री का...

13 डिसमिल जमीन बेचने के बाद 88 डिसमिल की फर्जी रजिस्ट्री का आरोप, महिला ने दर्ज कराई प्राथमिकी

कैमूर में 88 डिसमिल जमीन की फर्जी रजिस्ट्री का आरोप, महिला ने चैनपुर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अवंखरा गांव की एक महिला ने अपनी जमीन को फर्जी तरीके से रजिस्ट्री किए जाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अवंखरा निवासी प्रेमशिला सिंह ने चैनपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनकी 88 डिसमिल जमीन को जालसाजी कर दूसरे लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दिया गया। महिला का कहना है कि उन्होंने 11 अक्टूबर 2025 को खाता संख्या 229, प्लॉट संख्या 1693 की 13 डिसमिल जमीन ग्राम केवा निवासी रामचंद्र सिंह की पुत्री किरण कुमारी के नाम विधिवत बेची थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

महिला के अनुसार जमीन बिक्री के दौरान उनके आधार कार्ड, फोटो और अन्य दस्तावेजों की प्रतियां खरीदार पक्ष के पास पहुंच गई थीं। आरोप है कि उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए खाता संख्या 17, प्लॉट संख्या 758 की 88 डिसमिल जमीन किरण कुमारी एवं सरिता देवी के नाम पर रजिस्ट्री करा दी गई। प्रेमशिला सिंह ने दावा किया कि कथित रजिस्ट्री के समय वह उपस्थित नहीं थीं और न ही संबंधित दस्तावेजों पर उनके हस्ताक्षर हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रजिस्ट्री प्रक्रिया में फर्जी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया।

मामले का खुलासा तब हुआ जब जमीन की म्यूटेशन प्रक्रिया के दौरान चैनपुर अंचल कार्यालय द्वारा पुराने मोबाइल नंबर पर संपर्क कर रजिस्ट्री की पुष्टि की गई। इसके बाद महिला को कथित फर्जीवाड़े की जानकारी मिली और उन्होंने तत्काल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में ग्राम केवा निवासी रामचंद्र सिंह पर धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन रजिस्ट्री कराने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Exit mobile version