Home चैनपुर पहाड़ी से नौ मवेशी गायब, तलाश के दौरान दूसरे गांव में बंधे...

पहाड़ी से नौ मवेशी गायब, तलाश के दौरान दूसरे गांव में बंधे मिले सात पशु; चोरी के आरोप से मचा हड़कंप

कैमूर में पहाड़ी से 9 मवेशी गायब, दूसरे गांव में बंधे मिले 7 पशु

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के उमापुर गांव के समीप पहाड़ी से एक पशुपालक के नौ मवेशियों के गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पशुपालक ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की। इस दौरान सात मवेशी मधुरना गांव के टोला मड़ाई में एक व्यक्ति के यहां बंधे मिले। पशुओं की पहचान होने के बाद पशुपालक ने इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मामले में उमापुर गांव निवासी स्वर्गीय महादेव यादव के पुत्र प्यारे यादव ने बताया कि वह अपने मवेशियों को गांव के समीप पहाड़ी पर रखते हैं। उस स्थान पर गांव के अन्य लोगों के भी पशु रहते हैं। बीते एक नवंबर की दोपहर वह अपनी भैंसों को पानी पिलाने के लिए पहाड़ी पर गए थे। उस समय उनके सभी मवेशी वहां मौजूद थे। लेकिन उसी रात अचानक उनके नौ पशु गायब हो गए। मवेशियों के गायब होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन शुरुआत में कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच उन्हें जानकारी मिली कि उनके कुछ मवेशी मधुरना गांव के टोला मड़ाई में बंधे हुए हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो वहां सात पशु बंधे मिले।

पांच भैंस और चार अन्य पशु थे गायब

पशुपालक प्यारे यादव के अनुसार, गायब हुए नौ मवेशियों में पांच भैंस, दो पाड़ा और दो पाड़ी शामिल हैं। इनमें से सात पशु मधुरना गांव के टोला मड़ाई में मिले हैं, जबकि दो अन्य मवेशियों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पशुपालक ने मधुरना गांव के टोला मड़ाई निवासी शिवपरसन यादव पर पहाड़ी से मवेशियों को ले जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस की ओर से मवेशियों के गायब होने और दूसरे गांव में सात पशु मिलने से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल दो मवेशियों का सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

 

Exit mobile version