Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, चैनपुर बाजार निवासी स्वर्गीय सादिक कलंदर के पुत्र गुलाम सरवर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि सुबह करीब 9:15 बजे महमूद कलंदर का पुत्र शकील कलंदर कथित तौर पर शराब के नशे में उनके घर में घुस आया। इस दौरान उसने घर की महिलाओं के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ ही देर बाद शकील के पिता महमूद कलंदर भी घर के दरवाजे पर पहुंच गए और गाली-गलौज करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख गुलाम सरवर ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित के मुताबिक, पुलिस को देखते ही शकील कलंदर छत पर चढ़ गया। हालांकि, आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी वह उन्हें जान से मारने की धमकी देता रहा। इस दौरान पीड़ित ने पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। गुलाम सरवर का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद दोनों आरोपित वहां से चले गए। उन्होंने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपितों की ओर से पहले भी अक्सर धमकियां दी जाती रही हैं, जिससे उनका पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।