Home चैनपुर बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग शिक्षक को...

बैंक से एक लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे बुजुर्ग शिक्षक को बनाया निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े उड़ाया बैग

कैमूर के हाटा में दिनदहाड़े झपटमारी, बुजुर्ग शिक्षक से एक लाख रुपये भरा बैग छीना

Bihar: कैमूर जिले में उचक्कों और झपटमारों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा नगर का है, जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग सेवानिवृत्त शिक्षक को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक से चैनपुर की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है। पीड़ित की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के मझुई गांव निवासी 74 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रामजी सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद उन्होंने चैनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की छानबीन में जुटी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैंक से निकासी के बाद ई-रिक्शा से जा रहे थे गांव

पीड़ित रामजी सिंह ने बताया कि वह अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के सिलसिले में चैनपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे थे। बैंक से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने अपने खाते से एक लाख रुपये की निकासी की और पूरी रकम एक बैग में रख ली। इसके बाद वह चैनपुर बस स्टैंड पहुंचे। उन्हें अपने गांव मझुई जाना था। हाटा से वाहन मिलने की सुविधा को देखते हुए उन्होंने बस स्टैंड से एक ई-रिक्शा पकड़ा और हाटा की ओर रवाना हो गए। ई-रिक्शा में वह चालक के बगल में बाईं तरफ बैठे हुए थे।

सामने से आए बाइक सवार, झपट्टा मारकर भागे

रामजी सिंह के मुताबिक, ई-रिक्शा जैसे ही हाटा में बालाजी मार्ट से थोड़ा आगे बढ़ा, तभी सामने से एक बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। दोनों युवक ई-रिक्शा के बगल से गुजरते हुए अचानक उनका बैग झपटकर ले गए। इसके बाद बाइक सवार तेजी से चैनपुर की दिशा में भाग निकले। अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग शिक्षक हतप्रभ रह गए। उन्होंने ई-रिक्शा रुकवाकर शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बदमाश काफी दूर निकल चुके थे।

सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश

मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। बैंक परिसर और वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार दोनों उचक्कों की पहचान की जा सके। उन्होंने बताया कि आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

 

 

Exit mobile version