Home कुदरा कुदरा नदी में जाल बिछाने गए व्यक्ति की दर्दनाक मौत, दूसरे दिन...

कुदरा नदी में जाल बिछाने गए व्यक्ति की दर्दनाक मौत, दूसरे दिन मिला शव

कुदरा नदी में मछली पकड़ने गए ग्रामीण की डूबने से मौत, अगले दिन मिला शव

Bihar: कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मछली पकड़ने गए ग्रामीण की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना सकरी पंचायत के डीहरा गांव के समीप कुदरा नदी की है, जहां देर शाम घर से निकले व्यक्ति का शव अगले दिन नदी से बरामद किया गया। मृतक की पहचान सकरी पंचायत के गोलऊडीह गांव निवासी स्वर्गीय लक्ष्मण चौधरी के 45 वर्षीय पुत्र रास मोहन चौधरी के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार रास मोहन चौधरी रोजी-रोटी के लिए मजदूरी करने के साथ-साथ मछली पकड़ने का भी कार्य करते थे। मंगलवार की शाम वे कुदरा नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल लगाने गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद बुधवार को ग्रामीणों ने नदी में एक शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया, जहां उसकी पहचान रास मोहन चौधरी के रूप में हुई।

कुदरा थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। मृतक की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

 

Exit mobile version