Home चैनपुर वायरल वीडियो ने खोला बाइक चोरी का राज, जगरिया से युवक गिरफ्तार,...

वायरल वीडियो ने खोला बाइक चोरी का राज, जगरिया से युवक गिरफ्तार, चोरी की अपाचे बरामद

कैमूर में वायरल वीडियो से खुला बाइक चोरी का मामला, जगरिया से युवक गिरफ्तार

Bihar: कैमूर, चैनपुर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर चैनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर से बिना नंबर प्लेट की एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार युवक की पहचान जगरिया गांव निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता उर्फ विकास कुमार गुप्ता (पिता- छोटू शाह) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक अपाचे बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसी दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सासाराम से चोरी की गई एक नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जगरिया गांव में विकास कुमार गुप्ता के घर पर छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस सत्यापन के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक घबरा गया और वहां से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक बाइक के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, जहां से नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई। बाइक से जुड़े दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।

चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि सासाराम से चोरी कर लाई गई बाइक से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। मामले के सत्यापन और स्थानीय चौकीदार से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया गया तथा बरामद मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे भी मामले की जांच कर रही है कि बाइक चोरी की इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

 

Exit mobile version