Home रोहतास तीन करोड़ की लूट के विरोध में कोचस बाजार बंद, कारोबारियों में...

तीन करोड़ की लूट के विरोध में कोचस बाजार बंद, कारोबारियों में आक्रोश; पुलिस के सामने अपराधियों की तलाश बड़ी चुनौती

: कोचस में 3 करोड़ की लूट के विरोध में बाजार बंद, व्यवसायियों में आक्रोश

कोचस में बंद दुकानें

Bihar: रोहतास जिले के कोचस बाजार में स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना के विरोध में शनिवार को व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। व्यावसायिक संगठनों के आह्वान पर बाजार बंद कर कारोबारियों ने घटना के प्रति नाराजगी जताई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए। दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस बड़ी वारदात से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। दरअसल, मंगलवार को बाइक सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने कोचस बाजार स्थित कंचन स्वर्ण व्यवसायी की दुकान को निशाना बनाया था। अपराधियों ने दुकान मालिक, तीन कर्मचारियों और दो ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद दुकान से तीन करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और करीब दो लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी सभी छह लोगों के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

चप्पल और टोपी से सुराग तलाश रही एफएसएल टीम

घटना के बाद पुलिस को घटनास्थल से एक अपराधी की चप्पल और टोपी मिली थी। इन साक्ष्यों को जांच के लिए एफएसएल टीम के हवाले किया गया है। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्यों की जांच कर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। वहीं, लूटे गए मोबाइल फोन का अंतिम लोकेशन बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के मुखरांव गांव के समीप मिला था। यह इलाका कैमूर जिले की सीमा से भी सटा हुआ है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पिछले साल भी करोड़ों के गहनों की हुई थी चोरी

गौरतलब है कि कंचन स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुकी है। गत वर्ष 25 अगस्त की रात चोरों ने दुकान का शटर काटकर करीब 5.20 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषणों की चोरी कर ली थी। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। लगातार दूसरी बड़ी वारदात से कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। शनिवार को बाजार बंद रखकर व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। अब इस मामले में पुलिस की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

 

Exit mobile version