Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैंक से ही शुरू हो गया था पीछा
मामले का खुलासा करते हुए भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि 1 जून की शाम चांद थाना क्षेत्र स्थित एम.एस. लाइब्रेरी के समीप ढोबहा गांव निवासी रामाशंकर पांडे से दो अज्ञात अपराधियों ने 49 हजार रुपये लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर चांद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रामाशंकर पांडे रुपये निकालने के लिए भभुआ स्थित बैंक पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों आरोपी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बैंक से पैसे निकालने के बाद पीड़ित एक पिकअप वाहन से अपने गांव की ओर रवाना हुए, जबकि आरोपी बाइक से उनका पीछा करने लगे।
20 किलोमीटर तक पीछा कर सुनसान जगह पर दिया वारदात को अंजाम
एसडीपीओ के अनुसार, भभुआ से चांद तक करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में भीड़भाड़ के कारण अपराधी वारदात को अंजाम नहीं दे सके। लेकिन जैसे ही चांद क्षेत्र में उन्हें पीड़ित अकेला मिला, उन्होंने मौका पाकर रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
हवाई अड्डा क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को भभुआ हवाई अड्डा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 39 हजार रुपये, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शेष राशि की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।