Home मोहनिया जर्जर बिजली तार बना काल, शौच के लिए निकले 12 वर्षीय बालक...

जर्जर बिजली तार बना काल, शौच के लिए निकले 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत

कैमूर में करंट लगने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत, जर्जर बिजली तार पर ग्रामीणों का आक्रोश

Bihar: कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के कैथी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार कैथी गांव निवासी सुदेश्वर साह का पुत्र शिवम कुमार (12 वर्ष) गुरुवार सुबह शौच के लिए गांव से बाहर गया था। इसी दौरान रास्ते में बिजली पोल से टूटकर जमीन पर गिरा हाई वोल्टेज तार उसकी नजर में नहीं आया और वह उसकी चपेट में आ गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करंट लगने के बाद शिवम काफी देर तक घटनास्थल पर तड़पता रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बिजली तार से अलग किया। गंभीर हालत में उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल मोहनियां ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि जिस बिजली तार से हादसा हुआ वह लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। क्षेत्र के कई हिस्सों में कवरयुक्त तार लगाए गए हैं, लेकिन कैथी गांव के इस इलाके में अब भी पुराने और खुले तार लगे हुए हैं, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने तार बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यदि समय रहते जर्जर तारों को बदला गया होता तो मासूम की जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इस संबंध में मोहनियां थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Exit mobile version