Homeचांदबैंक से निकासी के बाद पीछा कर की थी लूट, 36 घंटे...

बैंक से निकासी के बाद पीछा कर की थी लूट, 36 घंटे में पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

कैमूर लूटकांड का 36 घंटे में खुलासा, ₹39 हजार बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र में हुई 49 हजार रुपये की लूट की वारदात का कैमूर पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की राशि में से 39 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के मोकरी गांव निवासी स्वर्गीय अनिरुद्ध सिंह पटेल के पुत्र रोशन पटेल (18 वर्ष) तथा वीरेंद्र सिंह के पुत्र सरदार पटेल (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बैंक से ही शुरू हो गया था पीछा

मामले का खुलासा करते हुए भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि 1 जून की शाम चांद थाना क्षेत्र स्थित एम.एस. लाइब्रेरी के समीप ढोबहा गांव निवासी रामाशंकर पांडे से दो अज्ञात अपराधियों ने 49 हजार रुपये लूट लिए थे। पीड़ित की शिकायत पर चांद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रामाशंकर पांडे रुपये निकालने के लिए भभुआ स्थित बैंक पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों आरोपी उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बैंक से पैसे निकालने के बाद पीड़ित एक पिकअप वाहन से अपने गांव की ओर रवाना हुए, जबकि आरोपी बाइक से उनका पीछा करने लगे।

20 किलोमीटर तक पीछा कर सुनसान जगह पर दिया वारदात को अंजाम

एसडीपीओ के अनुसार, भभुआ से चांद तक करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में भीड़भाड़ के कारण अपराधी वारदात को अंजाम नहीं दे सके। लेकिन जैसे ही चांद क्षेत्र में उन्हें पीड़ित अकेला मिला, उन्होंने मौका पाकर रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

हवाई अड्डा क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को भभुआ हवाई अड्डा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 39 हजार रुपये, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शेष राशि की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments