Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनकी पुत्री का विवाह 20 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ था। शादी के बाद कुछ दिनों पूर्व वह ससुराल से मायके आई हुई थी। इसी दौरान गांव के रहने वाले नीतीश नामक युवक ने किसी तरह युवती तक मोबाइल फोन पहुंचा दिया। आरोप है कि दोनों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन इसकी भनक परिवार वालों को नहीं लग सकी। बताया गया कि एक दिन पहले युवती अपनी मां के साथ हाटा बाजार दवा खरीदने गई थी। दवा लेने के बाद उसकी मां एक श्रृंगार दुकान पर सामान खरीदने लगी।
इसी दौरान आरोपित युवक अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और युवती को साथ लेकर चला गया। जब काफी देर तक युवती का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी तलाश के बाद परिजन चैनपुर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर युवती की बरामदगी तथा आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है तथा युवती की शीघ्र बरामदगी के लिए छापेमारी और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।