Home चांद तालाब में डूबे दो मासूम भाई, एक साथ बुझ गए घर के...

तालाब में डूबे दो मासूम भाई, एक साथ बुझ गए घर के दो चिराग; ढेढुआ गांव में पसरा मातम

कैमूर: ढेढुआ गांव में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, गांव में मातम

Bihar: कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेढुआ गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे नाबालिग भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढेढुआ गांव निवासी बबलू अंसारी अपने पिता और बच्चों के साथ खेत में धान का बिचड़ा डालने गए थे। खेत में काम के दौरान उनके दोनों पुत्र इंसात अंसारी (7 वर्ष) और रियाज अंसारी (6 वर्ष) तथा 10 वर्षीय पुत्री भी साथ थी। काम पूरा होने के बाद दादा घर लौट गए, जबकि बबलू अंसारी बच्चों के साथ खेत पर ही रुके रहे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

बताया जाता है कि बबलू अंसारी कुछ देर के लिए शौच करने चले गए और बच्चों को पास के एक पेड़ के नीचे बैठाकर गए थे। इसी दौरान दोनों मासूम भाइयों ने तालाब में नहाने की इच्छा जताई। उनकी बड़ी बहन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बच्चे उसकी बात मानने के बजाय तालाब की ओर चले गए। तालाब में पानी अधिक होने के कारण दोनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद जब पिता लौटे तो उन्होंने दोनों बच्चों को तालाब में तैरता देखा। घबराए पिता तुरंत तालाब में कूद पड़े और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों मासूमों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। सबसे अधिक दर्दनाक स्थिति मां की थी, जो बेटों की मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही थीं। सूचना पर पहुंची चांद थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया। मामले में एसआई चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं अंचलाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सामाजिक कार्यकर्ता श्याम बिहारी कुशवाहा ने भी शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।

Exit mobile version