Home चैनपुर चैनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला...

चैनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: चैनपुर में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान 22 वर्षीय रजवंती देवी, पति अनिल कुमार, निवासी भदौरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला का मायका भभुआ थाना क्षेत्र के जिगनपुरवा गांव में है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक ओर ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं स्थानीय लोगों के बीच हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका भी जताई जा रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

दो महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, रजवंती देवी करीब दो माह पूर्व अपने दो बच्चों को छोड़कर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ चली गई थी। इस मामले में उसके पति अनिल कुमार ने चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि उनकी पत्नी लगभग दो लाख रुपये के गहने और 20 हजार रुपये नकद लेकर गांव के मनोहर पासवान के साथ फरार हो गई है। पति ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया था कि कई लोगों ने मिलकर साजिश के तहत उनकी पत्नी को भगाने में सहयोग किया। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान महिला को बरामद कर लिया था, जिसके बाद उसे वापस उसके ससुराल भेज दिया गया था। इसी बीच अब उसकी संदिग्ध मौत का मामला सामने आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

खुला मिला कमरे का दरवाजा, फंदे से लटका था शव
चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि भदौरा गांव में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एफएसएल अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार जिस कमरे में महिला का शव मिला, उसका दरवाजा खुला हुआ था, जबकि शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Exit mobile version