Home कैमूर कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, कमरे में फंदे से...

कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; दहेज हत्या का आरोप, पति-ससुर समेत तीन हिरासत में

कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध मौत: दहेज हत्या का आरोप, पति-ससुर समेत तीन हिरासत में

Bihar: कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र स्थित सोतवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 24 वर्षीय फूल कुमारी का शव उसके कमरे में पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताते हुए पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति, ससुर समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मृतका के पिता विजय कुमार राम, जो बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, ने बताया कि उन्होंने 10 मई 2022 को अपनी बेटी की शादी सोतवा गांव निवासी मनीष कुमार से अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। पिता के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे उनके बेटे उपेंद्र कुमार ने सूचना दी कि उसकी बहन के साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद उन्होंने दामाद और समधी को फोन किया। फोन पर बेटी के रोने की आवाज तो सुनाई दी, लेकिन किसी ने बात नहीं की और कॉल काट दिया गया।

बुधवार सुबह जब मायके वाले सोतवा गांव पहुंचे तो विवाहिता के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों का आरोप है कि उस समय घर के अधिकांश लोग मौजूद नहीं थे। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो फूल कुमारी का शव पंखे की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलने पर कुढ़नी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग को लेकर की गई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुढ़नी थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति मनीष कुमार, ससुर सुरेश राम तथा परिवार के एक अन्य सदस्य को हिरासत में लिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

 

Exit mobile version