Home कैमूर कैमूर में भूमि सर्वेक्षण विभाग पर गंभीर आरोप, अमीनों ने खोला मोर्चा;...

कैमूर में भूमि सर्वेक्षण विभाग पर गंभीर आरोप, अमीनों ने खोला मोर्चा; वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप

कैमूर भूमि सर्वेक्षण विभाग में घूसखोरी का आरोप, अमीनों ने DM से की शिकायत

Bihar: कैमूर जिले में चल रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य के बीच अब विभागीय विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। अमीनों से कथित तौर पर हर महीने दो हजार रुपये की मांग किए जाने से जुड़ा एक ऑडियो वायरल होने के बाद भूमि सर्वेक्षण विभाग सवालों के घेरे में आ गया है। मामला सामने आने के बाद जिले भर के अमीनों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने अमीनों की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। मिली जानकारी के अनुसार, वायरल ऑडियो में भभुआ और दुर्गावती के प्रभार में तैनात विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी वैजयंती माला यादव की आवाज होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो में कथित रूप से एक अमीन से दो हजार रुपये की मांग किए जाने की बात सुनाई दे रही है। आरोप है कि इसमें एक हजार रुपये स्वयं के लिए और एक हजार रुपये वरीय अधिकारियों के लिए मांगे जाने की बात कही गई है। हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी देते हुए।
जानकारी देते हुए।

डीएम से शिकायत लेकर पहुंचे जिले भर के अमीन

विवाद बढ़ने के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अमीनों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया है। अमीनों ने जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार पर कार्य के नाम पर मानसिक दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। अमीनों का कहना है कि उनसे निर्धारित कार्य के अतिरिक्त भी काम करने का दबाव बनाया जाता है। ऐसा नहीं करने पर वेतन में कटौती किए जाने की चेतावनी दी जाती है। अमीनों ने अपने आवेदन में अधिकारी के विरुद्ध पांच प्रमुख आरोप लगाते हुए विभागीय स्तर पर कार्रवाई और समस्या के समाधान की मांग की है।

सर्वेक्षण कार्य प्रभावित, विभागीय कार्रवाई को लेकर भी विवाद

कैमूर जिले में विशेष भूमि सर्वेक्षण का काम बड़े पैमाने पर चल रहा है। जिले में 200 से अधिक अमीन विभिन्न मौजों में सर्वेक्षण कार्य में जुटे हैं। मौजों की संख्या अधिक होने के कारण निर्धारित समय पर काम पूरा करना विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी बीच कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई को लेकर अधिकारियों और अमीनों के बीच तनाव बढ़ने की बात सामने आ रही है। वर्तमान विवाद के कारण जिले में भूमि सर्वेक्षण का काम भी प्रभावित होने की जानकारी मिल रही है।

बंदोबस्त पदाधिकारी बोले- काम से बचने के लिए लगाए जा रहे आरोप

पूरे मामले पर जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार ने अमीनों की ओर से लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ अमीन ठीक से काम नहीं करते हैं। जब कार्य में लापरवाही बरतने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाती है, तो वे काम से बचने के लिए तरह-तरह के आरोप लगाने लगते हैं। वायरल ऑडियो के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि ऑडियो की जांच कराई जाएगी। यदि कोई कर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अमीन से पैसे की वसूली करने का उन्होंने कोई आदेश नहीं दिया है। साथ ही उन्होंने अमीनों से अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी कर्मी नियमानुसार काम करें, किसी के खिलाफ बेवजह कार्रवाई नहीं होगी।फिलहाल वायरल ऑडियो, अमीनों की सामूहिक शिकायत और विभागीय अधिकारी के जवाब के बाद कैमूर का विशेष भूमि सर्वेक्षण विभाग चर्चा के केंद्र में है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

 

Exit mobile version