Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत ऊर्जा चोरी रोकने के उद्देश्य से गठित टीम ने हाटा स्थित एक औद्योगिक परिसर में छापेमारी की। यह कार्रवाई सहायक विद्युत अभियंता भभुआ ग्रामीण संतन कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार सिंह समेत विभागीय कर्मी शामिल रहे। जांच के दौरान टीम ने पाया कि उपभोक्ता श्रीलाल शर्मा, पिता स्वर्गीय रामसखी शर्मा, द्वारा मीटर को बायपास कर अतिरिक्त तार जोड़कर करीब 4 हजार वाट बिजली का अवैध उपयोग किया जा रहा था। विभागीय टीम ने मौके पर लगे पीवीसी तार को आंशिक रूप से काटते हुए मीटर को जब्त कर लिया।
बिजली विभाग के अनुसार, उपभोक्ता पर बिजली चोरी के आरोप में 1,72,588 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। इसके अलावा संबंधित उपभोक्ता के नाम पूर्व से 15,965 रुपये का बिजली बिल भी बकाया बताया गया है। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि बिजली विभाग से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।