Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चैनपुर विद्युत कनीय अभियंता शंभू कुमार सिंह ने बताया कि सहायक विद्युत अभियंता (ग्रामीण) संतन कुमार कौशल एवं विभागीय कर्मियों की टीम के साथ नगर पंचायत हाटा के विभिन्न वार्डों में गुप्त सूचना के आधार पर जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान वार्ड संख्या-5 निवासी खोईजुमुद्दीन (पिता- हनीफ मियां) के यहां मीटर बायपास कर बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया, जिसके लिए उन पर 12,316 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके बाद वार्ड संख्या-1 में नौशवा बेगम (पति- सेराजुद्दीन सलमान) के परिसर की जांच की गई, जहां भी मीटर बायपास कर बिजली उपयोग करने की पुष्टि हुई। इस मामले में विभाग ने 24,700 रुपये का अर्थदंड लगाया।
वहीं वार्ड संख्या-1 के ही मोहम्मद मस्लाउद्दीन (पिता- मोहम्मद निजामुद्दीन) के यहां भी बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने उनके ऊपर 33,600 रुपये का जुर्माना लगाया। छापेमारी के दौरान तीनों स्थानों से बिजली चोरी में उपयोग किए जा रहे मीटर एवं पीवीसी तार को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया। मामले की पुष्टि करते हुए चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विद्युत विभाग से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।