Home चैनपुर हनुमान मंदिर से लौट रहे युवक पर हमला, गंभीर घायल के बयान...

हनुमान मंदिर से लौट रहे युवक पर हमला, गंभीर घायल के बयान पर केस दर्ज; पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

कैमूर: हनुमान मंदिर से लौट रहे युवक पर हमला, फर्द बयान पर केस दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हाटा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-6 में एक युवक पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देने का मामला सामने आया है। घायल युवक के अस्पताल में दर्ज फर्द बयान के आधार पर चैनपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। घायल की पहचान हाटा निवासी 28 वर्षीय प्रद्युम्न चौहान, पिता बहादुर चौहान, के रूप में हुई है। गंभीर चोट लगने के बाद पहले स्थानीय अस्पताल में उनका उपचार किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

घायल प्रद्युम्न चौहान ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि 7 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह हाटा गवई स्थित हनुमान मंदिर से पूजा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके चाचा रामशरण चौहान के घर के सामने गांव का ही एक युवक कथित रूप से खड़ी लूना मोटरसाइकिल की साइड लाइट तोड़ रहा था। जब उनके चाचा ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि युवक ने ईंट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनके गले से सोने का लॉकेट छीनकर भागने लगा। प्रद्युम्न चौहान ने जब बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोप है कि पांच लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए। बाद में परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

मामले में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने अमित चौहान (पिता–सहाबू चौहान) तथा राहुल चौहान (पिता–गुल्लू चौहान उर्फ शिवमुनी चौहान) को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Exit mobile version