Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़िता की मां सविता देवी ने चैनपुर थाने में दिए आवेदन में बताया कि सुबह के समय गांव के ही रणजीत कुमार, मनीष कुमार, पंकज कुमार, नीरज कुमार समेत कई लोग उनके घर पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब उनकी बेटी निरमा कुमारी ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में निरमा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने घर में रखे बक्से से 53 हजार रुपये नकद भी निकाल लिए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घायल युवती को पहले चैनपुर थाना लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। मामले को लेकर चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि पीड़िता पक्ष के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रणजीत राम और चुन्नू राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।