Home भभुआ कैमूर में दबंगों का कहर: शराब के लिए ग्लास नहीं मिला तो...

कैमूर में दबंगों का कहर: शराब के लिए ग्लास नहीं मिला तो रेस्टोरेंट में लगा दी आग, लाखों की संपत्ति राख

कैमूर में शराबियों का तांडव: ग्लास नहीं देने पर रेस्टोरेंट में लगाई आग, लाखों का नुकसान

Bihar: कैमूर जिले में दबंग शराबियों की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए ग्लास देने से इनकार करना एक रेस्टोरेंट संचालक को इतना भारी पड़ गया कि आरोपियों ने देर रात पेट्रोल छिड़ककर पूरे रेस्टोरेंट में आग लगा दी। घटना में फ्रिज, सोफा, कुर्सियां, किचेन का सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। मामला भभुआ नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र सरोवर पोखरा इलाके का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि 19 मई की रात कुछ युवक रेस्टोरेंट पर पहुंचे और शराब पीने के लिए ग्लास मांगने लगे। स्टॉफ ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक कर्मचारी का सिर फट गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट संचालक ने भभुआ थाने में 9 लोगों के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

केस वापस लेने की धमकी, फिर देर रात आगजनी
पीड़ितों का आरोप है कि आवेदन देने के बाद से ही आरोपी लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। घटना वाली रात भी कुछ युवक रेस्टोरेंट के बाहर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी दे रहे थे। रात करीब 10 बजे रेस्टोरेंट बंद कर संचालक घर चला गया। इसी बीच देर रात करीब 1 बजे स्थानीय लोगों ने फोन कर बताया कि रेस्टोरेंट में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे संचालक ने देखा कि अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी है, लेकिन तब तक रेस्टोरेंट के अंदर रखा लगभग पूरा सामान जल चुका था।

पत्नी के गहने गिरवी रख खोल रखा था कारोबार
रेस्टोरेंट संचालक राहुल सिंह ने बताया कि बेरोजगारी से परेशान होकर उन्होंने पत्नी के गहने गिरवी रख कॉफी और मटन शॉप शुरू की थी। लेकिन दबंगों ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। राहुल सिंह ने कहा कि पुलिस को पहले ही शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ गया। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कर्मचारी बोला- “ग्लास नहीं दिया तो पीटकर सिर फोड़ दिया”
रेस्टोरेंट कर्मचारी समीर ने बताया कि कुछ लोग पास की गली में शराब पी रहे थे और ग्लास मांगने आए थे। मना करने पर सभी ने मिलकर हमला कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। बाद में उन्हीं लोगों ने रेस्टोरेंट में आग लगा दी।

मौके से मिला पेट्रोल, साजिश की आशंका गहराई
घटना के बाद रेस्टोरेंट के पास एक झोले में दो बोतल पेट्रोल बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि रोशनदान के रास्ते पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई गई। इससे आग तेजी से पूरे रेस्टोरेंट में फैल गई।

पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी
भभुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

 

 

Exit mobile version