Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, रामगढ़ थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सूटकेस से शव के अलग-अलग हिस्सों को बरामद कर कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि दुर्गावती नदी में संदिग्ध हालत में सूटकेस पड़े हुए हैं। जांच के दौरान सूटकेस से एक युवक और एक बच्चे के कटे हुए शव बरामद किए गए। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
एसपी ने बताया कि फिलहाल जिले के किसी भी थाने में इस तरह के किसी युवक या बच्चे के लापता होने की सूचना दर्ज नहीं है। ऐसे में आसपास के सीमावर्ती जिलों को भी सूचना भेजी जा रही है ताकि शवों की पहचान हो सके। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों ने हत्या के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों के टुकड़े कर उन्हें सूटकेस में भरकर नदी में फेंक दिया होगा। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मृतक कौन हैं, उनकी हत्या क्यों की गई और अपराधियों ने इतनी बेरहमी से वारदात को अंजाम क्यों दिया। इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है।