Home मोहनिया सड़क पर मिला लाखों के गहनों से भरा बैग, युवक ने दिखाई...

सड़क पर मिला लाखों के गहनों से भरा बैग, युवक ने दिखाई मिसाल; पुलिस को सौंपकर लौटाई महिला की मुस्कान

मोहनिया में युवक की ईमानदारी की मिसाल, 5 लाख के जेवरात से भरा बैग पुलिस को सौंपा

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में एक युवक ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी इलाके में जमकर सराहना हो रही है। देवकली गांव निवासी संदीप कुमार को NH19 पर आरकेटी होटल के पास सड़क किनारे एक बैग मिला, जिसमें करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान रखे थे। युवक ने बिना किसी लालच के बैग को सीधे मोहनिया थाना पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 

जानकारी के मुताबिक, मोहनिया के उसरी गांव निवासी संगीता कुमारी अपने मायके भीट्टी गांव से ऑटो के जरिए ससुराल लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में उनका बैग कहीं गिर गया। बैग में सोने की चेन, अंगूठी, चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और करीब 4500 रुपये नकद रखे थे। बैग गायब होने के बाद महिला और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई, जिसके बाद मोहनिया थाना में आवेदन दिया गया।
उधर, उसी रास्ते से गुजर रहे संदीप कुमार की नजर सड़क पर पड़े बैग पर पड़ी। बैग खोलने पर उसमें कीमती जेवरात देखकर उन्होंने मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए तुरंत बैग को मोहनिया थाना में जमा करा दिया। पुलिस ने जांच के बाद बैग की पहचान कर उसे महिला को सुरक्षित सौंप दिया।

जेवरात मिलने के बाद महिला के परिवार में खुशी लौट आई। संगीता कुमारी की बहन सरिता कुमारी ने बताया कि उन्हें थाना से फोन आया कि बैग मिल गया है। थाना पहुंचने पर सभी जेवरात और सामान सुरक्षित हालत में वापस मिल गया। वहीं, संदीप कुमार ने बताया कि वह बाइक से अपने रिश्तेदारी जा रहे थे, तभी आरकेटी होटल के पास सड़क किनारे उन्हें बैग पड़ा मिला। बैग में गहने देखकर उन्होंने बिना देर किए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि महिला द्वारा बैग खोने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, तभी देवकली निवासी संदीप कुमार ने थाने पहुंचकर बैग जमा कराया। बैग में रखे सभी सामान सुरक्षित पाए गए, जिसे बाद में महिला को सौंप दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में इस तरह की ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणा देने वाली है। संदीप कुमार के इस कार्य की पूरे इलाके में खूब प्रशंसा हो रही है।

 

Exit mobile version