Home रामगढ़ छठ घाट के पोखरे में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत,...

छठ घाट के पोखरे में डूबने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

कैमूर: छठ घाट के पोखरे में डूबने से 8 वर्षीय सितांशु की मौत

Bihar: कैमूर (रामगढ़), छठ महापर्व की खुशियों के बीच कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बड़ौरा पंचायत के जोरार गांव में पोखरे में डूबने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मृतक की पहचान जोरार गांव निवासी संजय राम के पुत्र सितांशु कुमार उर्फ पमपम के रूप में हुई है। वह स्थानीय विद्यालय में तीसरी कक्षा का छात्र था। बताया जाता है कि सोमवार को दोपहर के समय वह अपने तीन साथियों के साथ गांव के विद्यालय से दक्षिण दिशा में स्थित पोखरे पर पहुंचा था। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सितांशु अपनी मां के साथ उत्तर प्रदेश के जमानियां स्थित ननिहाल में छठ पूजा मनाने गया था। सोमवार को छठ पर्व संपन्न होने के बाद वह मां के साथ अपने गांव लौटा था। घर आने के कुछ समय बाद ही वह अन्य बच्चों के साथ उस पोखरे पर पहुंच गया, जहां छठ पूजा संपन्न हुई थी। बताया जाता है कि पोखरे में छठ पूजा के दौरान चढ़ाए गए फूल-माला देखकर बच्चे पानी में उतर गए। इसी दौरान सितांशु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके साथ मौजूद अन्य बच्चे घबराकर वहां से भाग गए। कुछ देर बाद घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पोखरे से किशोर को बाहर निकाला।

आनन-फानन में उसे रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू करने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी विकेश कुमार, बीडीओ विकास कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सुमित कुमार तथा पंचायत के मुखिया पप्पू पासी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। मासूम की असामयिक मौत से जोरार गांव की अजा बस्ती में मातम छाया हुआ है। जिस घर में छठ पर्व के बाद खुशियां लौटने की उम्मीद थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Exit mobile version