Home रामगढ़ रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, 28 वर्षीय युवक...

रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बाइक, 28 वर्षीय युवक की मौत; दूसरा गंभीर

कैमूर के रामगढ़ में सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

घटना स्थल पर पुलिस

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिसौड़ा-कलानी पथ पर नथुआं स्टैंड के समीप हुआ, जहां अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। मृतक की पहचान महुआरी गांव निवासी रामाशंकर शर्मा के 28 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक नथुआं गांव निवासी राकेश पाण्डेय के 34 वर्षीय पुत्र पिंटू पाण्डेय हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रामगढ़ थाना

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने संतोष कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पिंटू पाण्डेय का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

नथुआं से रामगढ़ जाने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर नथुआं से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नथुआं स्टैंड के समीप बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने घटना की जानकारी दी। इस हादसे के बाद महुआरी गांव में शोक का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Exit mobile version