Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मिली जानकारी के अनुसार, हाटा नगर एवं मसोई गांव में कुछ लोगों द्वारा शराब पीकर हंगामा किए जाने की सूचना ग्रामीणों ने चैनपुर पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सभी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सशस्त्र बलों के सहयोग से तीनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार लोगों की पहचान हाटा नगर निवासी रामबचन खरवार के पुत्र राकेश खरवार, रामपति बिंद के पुत्र सरवन कुमार बिंद तथा मसोई गांव निवासी दाता खरवार के पुत्र रामलाल खरवार के रूप में हुई है। तीनों की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शराब मामले में फरार चल रहे जगरिया गांव निवासी बद्री पासवान के पुत्र छठु पासवान को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके विरुद्ध चैनपुर थाने में शराब मामले में प्राथमिकी दर्ज थी और वह काफी समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इधर, चिताढ़ी गांव के समीप पुलिस की गश्ती के दौरान देसी महुआ शराब की बरामदगी हुई। पुलिस टीम चिताढ़ी मोड़ के पास पहुंची थी, तभी एक व्यक्ति बोरा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह बोरा फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने बोरे की तलाशी ली तो उसमें आधा लीटर की 18 पन्नियों में पैक कुल 9 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर फरार धंधेबाज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि शराब के सेवन और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फरार धंधेबाज की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।