Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना था। इस दौरान चार्ज अधिकारी ने विस्तार से दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि जनगणना कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 1 मई तक स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जिसमें लोग स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बाद 2 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। इस बार पूरी जनगणना प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। प्रगणकों को मोबाइल फोन के जरिए डेटा संग्रह करना होगा, जिससे कार्य में पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित हो सके। इसके लिए सभी कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष होना आवश्यक बताया गया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि से बचना जरूरी है, क्योंकि छोटी सी गलती भी आंकड़ों की सटीकता को प्रभावित कर सकती है। चार्ज अधिकारी ने निर्देश दिया कि मकान सूचीकरण शुरू करने से पहले हर प्रगणक अपने क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार करे, ताकि कोई भी घर सूचीकरण से छूट न जाए। इसके लिए पर्यवेक्षकों को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र, नक्शा प्रपत्र और गूगल मैप आधारित क्षेत्रीय नक्शा उपलब्ध कराया गया है। पर्यवेक्षकों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रगणकों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर उन्हें स्थानीय जानकारी दें और नक्शा तैयार करते समय हर भवन को चिन्हित करना सुनिश्चित करें। अंत में अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि सभी संबंधित कर्मी निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध और सटीक तरीके से जनगणना कार्य को सफल बनाएंगे। साथ ही बताया गया कि जनगणना से जुड़ी अन्य सामग्री का वितरण किट प्राप्त होने के बाद किया जाएगा।