Home रामपुर भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण स्थल पर मिला लापता मजदूर का शव, पुलिया के...

भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण स्थल पर मिला लापता मजदूर का शव, पुलिया के नीचे पानी में तैरता मिला राजकिशोर

कैमूर में निर्माणाधीन पुलिया के नीचे मिला लापता मजदूर का शव

Bihar: कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण स्थल से एक मजदूर का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। करमचट थाना क्षेत्र के बसिनी और ठकुरहट गांव के बीच निर्माणाधीन पुलिया के नीचे पानी में शुक्रवार दोपहर मजदूर का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के भठही बुजुर्ग गांव निवासी मदन के 34 वर्षीय पुत्र राजकिशोर के रूप में हुई है। वह पीएनसी कंपनी के तहत एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में मिस्त्री का काम करता था। पिछले दो दिनों से उसके लापता रहने के कारण सहकर्मी उसकी तलाश कर रहे थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

आराम करने पहुंचे मजदूरों की नजर शव पर पड़ी

घटना शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। तेज धूप से बचने के लिए कुछ मजदूर निर्माणाधीन पुलिया के नीचे छांव में आराम करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। पास जाकर पहचान करने पर पता चला कि शव उनके ही साथी राजकिशोर का है। इसके बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और इसकी सूचना ठेकेदार को दी गई। सूचना मिलने पर करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया।

दो महीने पहले काम करने आया था राजकिशोर

साथी मजदूर आजाद अली और मिठु प्रसाद के मुताबिक, राजकिशोर पिछले करीब दो महीने से पीएनसी कंपनी में कार्यरत था। वह 11 अन्य मजदूरों के साथ रहता था। बताया गया कि वह 20 या 21 अक्टूबर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो साथियों ने अनुमान लगाया कि वह बिना किसी को बताए अपने गांव चला गया होगा। शुक्रवार को शव मिलने के बाद मामले की जानकारी पुलिस और कंपनी के अधिकारियों को दी गई।

डूबने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि पुलिया के नीचे पानी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। थानाध्यक्ष के अनुसार, मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version