Home रामगढ़ साइबर ठगी पर ‘साइबर पाठशाला’: हाटा में डीएसपी ने ग्रामीणों को बताए...

साइबर ठगी पर ‘साइबर पाठशाला’: हाटा में डीएसपी ने ग्रामीणों को बताए बचाव के आसान तरीके

हाटा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम, DSP ने ग्रामीणों को ठगी से बचने के बताए उपाय

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा के प्रजापति वाटिका-2 में मंगलवार को साइबर अपराध के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर क्राइम टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।  कार्यक्रम में साइबर क्राइम टीम की डीएसपी नीतू सिंह, एसआई वर्षा कुमारी और साइबर एक्सपर्ट आनंद कुमार ने लोगों को साइबर अपराध से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल समेत सभी वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के कर्मी, स्वच्छता पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएसपी नीतू सिंह ने कहा कि आज के समय में महिला, पुरुष और बच्चे लगभग सभी इंटरनेट से जुड़े मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। सोशल मीडिया और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधी भी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने बताया कि साइबर ठग कभी इनाम या आर्थिक लाभ का लालच देकर लिंक भेजते हैं तो कभी बैंक अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि या अन्य परिचित बनकर OTP और बैंक से जुड़ी जानकारी मांगते हैं। थोड़ी सी लापरवाही के कारण लोग साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं और उनके बैंक खाते से रकम निकल सकती है। डीएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। यदि गलती से किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक हो जाए या साइबर ठगी की घटना हो जाए तो बिना देर किए साइबर थाना अथवा नजदीकी स्थानीय थाने को इसकी जानकारी दें। समय रहते सूचना मिलने पर ठगी की रकम को रोकने और वापस दिलाने की कार्रवाई की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। डीएसपी ने बताया कि महिलाओं और छात्र-छात्राओं की सहायता के लिए पुलिस दीदी की व्यवस्था की गई है।

स्कूल आने-जाने और छुट्टी के समय स्कूल गेट के आसपास पुलिस दीदी की मौजूदगी रहती है, ताकि छात्राओं के साथ किसी प्रकार की अभद्रता या परेशानी होने पर उन्हें तत्काल सहायता मिल सके। एसआई वर्षा कुमारी ने महिलाओं को विभिन्न सहायता नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी विशेष परिस्थिति में संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग कर पुलिस से सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। नगर पंचायत हाटा के अध्यक्ष रमेश कुमार जायसवाल ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहना सबसे जरूरी है। साइबर टीम द्वारा ग्रामीणों को दी गई जानकारी को केवल अपने तक सीमित न रखते हुए दूसरे लोगों तक भी पहुंचाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति को OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। पैसे या किसी अन्य लाभ का लालच देकर भेजे गए संदिग्ध लिंक से भी दूरी बनाए रखें। कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद डिंपल जायसवाल, पिंटू सिंह सहित नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद, कार्यालय कर्मी, स्वच्छता पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version