Home चैनपुर शराब बिक्री के खिलाफ छापेमारी, 36 लीटर महुआ शराब बरामद; महिला तस्कर...

शराब बिक्री के खिलाफ छापेमारी, 36 लीटर महुआ शराब बरामद; महिला तस्कर समेत चार गिरफ्तार

चैनपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 36 लीटर महुआ शराब बरामद, 4 गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब बिक्री और फरार वारंटियों के खिलाफ अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक महिला शराब तस्कर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भैंसहट गांव में छापेमारी के दौरान 36 लीटर महुआ से निर्मित शराब बरामद की है। वहीं, अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, चैनपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के भैंसहट गांव में मंजीरा देवी, पति राम कुंवर पासवान, के द्वारा महुआ से निर्मित शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही महिला भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

इसके बाद पुलिस ने मंजीरा देवी के घर की तलाशी ली, जहां पॉलिथीन में पैक महुआ से निर्मित शराब के 72 पाउच बरामद किए गए। प्रत्येक पाउच में 500 एमएल शराब थी। इस तरह कुल 36 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ के दौरान महिला ने शराब की बिक्री करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चैनपुर थाना लाया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि शराब बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 36 लीटर महुआ से निर्मित शराब बरामद की गई है और महिला तस्कर मंजीरा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वहीं, चैनपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में पुलिस ने छापेमारी कर न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इम्तियाज अंसारी और मेराज अंसारी, दोनों के पिता कादिर अंसारी, निवासी बड़ी तकिया तथा भरत बिंद, पिता सोमनाथ बिंद, निवासी मेढ़ के रूप में हुई है।
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी था। गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा पूर्व में भी कई बार छापेमारी की गई थी, लेकिन तीनों फरार चल रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की सुबह अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को चैनपुर थाना लाया गया, जहां मेडिकल जांच कराने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

 

Exit mobile version