Home चैनपुर पंचायत मुखिया को धमकी और पथराव का आरोप, थाने पहुंचा मामला; सुरक्षा...

पंचायत मुखिया को धमकी और पथराव का आरोप, थाने पहुंचा मामला; सुरक्षा को लेकर जताई आशंका

चैनपुर में पंचायत मुखिया को जान से मारने की धमकी, पथराव का आरोप

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में करजाव पंचायत के मुखिया ने गांव के ही एक व्यक्ति पर गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और ईंट-पत्थर से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मुखिया ने चैनपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। करजी गांव निवासी एवं करजाव पंचायत के मुखिया राधेश्याम पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि गांव के राधेश्याम सेठ के पुत्र रमेश सेठ के द्वारा उनके साथ विवाद करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

मुखिया के अनुसार, उनके घर के सामने से होकर गांव में आने-जाने का प्रमुख रास्ता गुजरता है। इसी रास्ते से आवागमन के दौरान आरोपी ने अचानक उनकी ओर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और गंभीर चोट लगने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मुखिया ने अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि धमकी के कारण परिवार के लोगों को उक्त रास्ते से होकर गुजरने में भी डर लग रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

आवेदन में मुखिया ने विवाद की वजह के संबंध में बताया है कि अतिक्रमण की मापी के लिए कर्मी गांव में पहुंचे थे। इसी मामले को लेकर आरोपी पक्ष के साथ विवाद उत्पन्न होने की बात कही गई है। इधर, चैनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मुखिया की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Exit mobile version