Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार नंदगांव निवासी सतवन राम ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र सुजीत कुमार 23 मई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे गांव के पश्चिम स्थित नहर की तरफ टहलने के लिए निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन के दौरान ग्रामीण जब नहर के पास पहुंचे तो वहां सुजीत कुमार की चप्पल और टूटा हुआ स्क्रीन टच मोबाइल बरामद हुआ। घटनास्थल की स्थिति देखकर परिजनों की चिंता और बढ़ गई तथा उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताई।
परिवार वालों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले सुजीत कुमार के चचेरे भाई शिवानंद कुमार और मुनेश्वर कुमार के साथ कुछ लोगों का विवाद हुआ था। उस दौरान कथित तौर पर देख लेने की धमकी भी दी गई थी। इसी आधार पर पिता ने गांव के कुछ लोगों पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलते ही भभुआ एसडीपीओ ओम प्रकाश, चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद और चांद-चैनपुर सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि युवक के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और युवक की तलाश जारी है।