Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पीड़ित विनोद यादव (पिता- कान्त यादव), निवासी नंदगांव, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि सोमवार सुबह करीब 6 बजे वह अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान गांव के राम अवतार यादव, पप्पू यादव, नीतीश यादव समेत अन्य लोग कथित रूप से एकजुट होकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान विनोद यादव के सिर पर गंभीर चोट लगी। पति को बचाने पहुंची उनकी पत्नी के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की और उन्हें जमीन पर घसीटते हुए घायल कर दिया। दोनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी आरोपितों द्वारा उनके घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की घटना की जा चुकी है। घटना के बाद दंपती चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें चैनपुर सीएचसी भेजा। इलाज पूरा होने के बाद पीड़ित ने लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।