Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मृतक की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो रामगढ़ में रह रहे अजय कुमार राम का इकलौता पुत्र था। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमरे में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद रोहित पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रोहित करीब छह महीने पहले परिवार की आर्थिक मदद के लिए दिल्ली गया था। वहां वह एक जूता स्टिकर निर्माण कंपनी में कार्यरत था। उसी कंपनी में रामगढ़ के दो अन्य युवक भी नौकरी करते थे। तीनों के बीच दोस्ती होने के बाद वे किराए के एक कमरे में साथ रहने लगे थे।
मृतक के पिता अजय कुमार राम ने बताया कि वे मूल रूप से राजपुर थाना क्षेत्र के सखुआना गांव के निवासी हैं और पिछले 17 वर्षों से रामगढ़ में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए थे। बाद में दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने कमरे से रोहित का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। दिल्ली पुलिस द्वारा घटना की सूचना रामगढ़ थाना को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दी। रामगढ़ थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने हत्या के दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।