Bihar: कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में कथित रूप से मारपीट, रंगदारी व पशु छीनने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित युवक ने थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भुल्लनपुर गांव निवासी प्रांजल यादव ने दुर्गावती थाना में दिए आवेदन में बताया है कि वह रविवार को अपनी दो गायों को पिकअप वाहन से लेकर दुर्गावती थाना क्षेत्र के बिछिया गांव जा रहा था। दोनों गायों को बिछिया गांव निवासी शिवनारायण बिंद के यहां पहुंचाना था। आवेदन के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे जब वह एनएच-19 से होकर धनेछा गांव के समीप पहुंचा, तभी एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग वहां पहुंचे।
आरोप है कि भभुआ थाना क्षेत्र के बारे गांव निवासी सूरज सिंह अपने दो-तीन साथियों के साथ आए और गाय उतारने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे 10 हजार रुपये भी ले लिए। इसके बाद उसने किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफलता पाई। वहीं, आरोप है कि आरोपी दोनों गायों को अपने पिकअप वाहन में लादकर मोहनिया की ओर चले गए। इस संबंध में दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी बिंदुओं पर तहकीकात की जा रही है।