Home रामगढ़ तीन दिन से लापता युवक का धान के खेत में मिला शव,...

तीन दिन से लापता युवक का धान के खेत में मिला शव, इलाके में मची सनसनी

रामगढ़ में धान के खेत से युवक का शव बरामद, तीन दिन से था लापता

Bihar:  कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बिशनपुरा गांव के समीप धान के खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया। खेत में शव मिलने की खबर तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान रामगढ़ गांव निवासी बालकेश यादव के 20 वर्षीय पुत्र सौरभ यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सौरभ पिछले करीब तीन दिनों से घर से लापता था। परिवार के लोगों ने अपने स्तर से उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया था।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

 

बताया जाता है कि शुक्रवार को कुछ किसान धान के खेत में काम करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े युवक के शव पर गई। शव देखते ही लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया है।

रामगढ़ थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष श्रवण कुमार ने बताया कि सौरभ मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी की भी शिकायत थी। उन्होंने बताया कि युवक पिछले तीन दिनों से लापता था। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह का पता चल सकेगा। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रभारी एसडीपीओ दयानंद कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। धान के खेत से युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। इधर, सौरभ की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Exit mobile version