Home चैनपुर दहेज में कार नहीं मिली तो विवाहिता पर टूटा अत्याचार, कमरे में...

दहेज में कार नहीं मिली तो विवाहिता पर टूटा अत्याचार, कमरे में बंद कर की गई पिटाई; केस दर्ज

दहेज में कार की मांग पर विवाहिता से मारपीट, कमरे में बंद कर प्रताड़ित करने का आरोप, केस दर्ज

Bihar: चैनपुर। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक विवाहिता के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया, कमरे में बंद कर मारपीट की और उसके स्त्रीधन पर भी कब्जा कर लिया। मामले में चैनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। थाना क्षेत्र के बिऊर गांव निवासी साबरीन खानम ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका निकाह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनिया गांव निवासी तनवीर खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति, सास, ससुर और देवर द्वारा दहेज में चार पहिया वाहन की मांग की जाने लगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग अक्सर यह कहकर दबाव बनाते थे कि उसके मायके वालों ने दहेज में कुछ नहीं दिया है और जब तक कार नहीं मिलेगी तब तक उसे सम्मान नहीं मिलेगा। विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 12 अक्टूबर 2025 को पति, सास-ससुर, देवर तथा अन्य परिजनों ने मिलकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया और बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसके गहने एवं अन्य स्त्रीधन भी छीन लिए गए। पीड़िता का आरोप है कि कई दिनों तक उसे भूखा-प्यासा रखा गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।

होश आने के बाद उसने किसी परिचित के मोबाइल फोन से अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे मायके ले जाया गया, जहां वर्तमान में उसका इलाज जारी है। पीड़िता ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए पंचायत स्तर पर प्रयास भी किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद न्याय की उम्मीद में उसने चैनपुर थाना पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विवाहिता के आवेदन के आधार पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version