Home रामगढ़ जमीन विवाद में आर्मी जवान पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, ट्रामा सेंटर...

जमीन विवाद में आर्मी जवान पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, ट्रामा सेंटर में भर्ती; पुलिस ने दर्ज किया फर्द बयान

रामगढ़ में आर्मी जवान को पेट्रोल डालकर जलाया, 3 आरोपी गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन के लेन-देन से जुड़े पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छुट्टी पर अपने घर आए सेना के एक जवान को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में जवान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया। वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान पुलिस ने घायल जवान का फर्द बयान दर्ज किया है। घायल जवान की पहचान रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहुका गांव निवासी बुल्लू यादव के पुत्र शत्रुघ्न यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शत्रुघ्न यादव सेना में जवान हैं और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जमीन के पैसों के विवाद में बुलाकर हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, मामला करीब दो वर्षों से चले आ रहे जमीन के पैसे के लेन-देन से संबंधित विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि इसी पुराने विवाद को लेकर रामगढ़ निवासी तीन लोगों ने जवान को शहर स्थित अपने आवास पर बुलाया। वहां विवाद के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर जवान पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में जवान बुरी तरह झुलस गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद आरोपियों ने अपनी ही स्कॉर्पियो में लगा दी आग
रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपियों ने अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में भी आग लगा दी। इसके बाद तीनों खुद रामगढ़ थाने पहुंचे। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी लेने और जांच-पड़ताल के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामगढ़ निवासी वीरेंद्र यादव पिता शंभू सिंह यादव, दीपक यादव पिता वीरेंद्र सिंह तथा ब्रजेश यादव पिता हृदय नारायण सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों को किया गिरफ्तार
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, घायल जवान के बयान के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, वाराणसी ट्रामा सेंटर में भर्ती शत्रुघ्न यादव की स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस जमीन विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version