Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

विवाह के समय दहेज में दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और पैशन प्रो मोटरसाइकिल दी गई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में भैंस की मांग की जाने लगी। परिजनों के अनुसार आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनकी यह मांग पूरी नहीं की जा सकी। इसके बाद अतवारी कुमारी को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। भाई ने बताया कि गुरुवार शाम मृतका ने फोन पर परिवार से बातचीत के दौरान प्रताड़ना की जानकारी दी थी। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि अतवारी कुमारी की मौत हो गई है और जल्द पहुंचने के लिए कहा गया। सूचना मिलने पर परिवार के लोग तत्काल गांगोडीह पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
मायके पक्ष का आरोप है कि मृतका की हत्या उसके पति देहल राम, ससुर मिर्जा राम और सास मुन्ना देवी ने मिलकर की है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।