Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ट्राई साइकिल के बॉक्स और सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहा था शराब
चैनपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ट्राई साइकिल पर भारी मात्रा में देसी शराब लेकर चैनपुर-अवखरा मार्ग से जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान ट्राई साइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह बड़ी तकिया जाने वाले मार्ग में चरवाहा विद्यालय की ओर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान लखमणपुर गांव निवासी अनिल कुमार, पिता स्वर्गीय शिवकुमार बिंद के रूप में हुई। ट्राई साइकिल की तलाशी लेने पर पीछे लगे लाल रंग के बॉक्स और सीट के नीचे से ब्लू लाइम देसी शराब के 160 पीस बरामद हुए। प्रत्येक बोतल में 200 एमएल शराब थी, जिसके अनुसार कुल 32 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में अनिल कुमार ने बताया कि वह रामगढ़ के विपिन कुमार नामक व्यक्ति से शराब खरीदकर अपने गांव लखमणपुर ले जा रहा था, जहां उसे बेचने की बात कही गई।
नन्दना में घर से 4.5 लीटर महुआ शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नन्दना में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव निवासी रवि कुमार, पिता चौथी राम, अपने घर से महुआ निर्मित शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान सफेद पारदर्शी पॉलिथीन में रखी 9 पॉलिथीन महुआ शराब बरामद हुई। प्रत्येक पॉलिथीन में 500 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 4.5 लीटर बताई गई। पूछताछ के दौरान रवि कुमार ने शराब बिक्री की बात स्वीकार की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब उसे कहां से मिल रही थी अथवा उसका निर्माण वह स्वयं कर रहा था। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 36.5 लीटर शराब बरामद की गई है और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अनिल कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि शराब के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।