Home मोहनिया एक बाइक पर निकले तीन दोस्त, नहर में समा गई जिंदगी; बघिनी...

एक बाइक पर निकले तीन दोस्त, नहर में समा गई जिंदगी; बघिनी में तीन मौतों से पसरा मातम

मोहनिया में दर्दनाक हादसा, एक गांव के तीन युवाओं की मौत

Bihar: कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार का दिन बघिनी गांव के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। गांव के तीन परिवारों के चिराग एक सड़क हादसे में बुझ गए। हादसे में 18 वर्षीय विकास कुमार, 19 वर्षीय बिट्टू कुमार और 16 वर्षीय दिलखुश राय की मौत हो गई। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बघिनी गांव से मोहनिया की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि गांव से करीब एक किलोमीटर दूर दुर्गावती मुख्य नहर पथ पर बहदुरा गांव के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। नहर में पानी अधिक होने के कारण तीनों की डूबने से मौत हो गई।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

विकास कुमार तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गांव में रहकर पढ़ाई करता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार के मुताबिक, पिता की मृत्यु के बाद उसकी मां के लिए बेटों का ही सहारा था। बेटे की मौत की खबर के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।वहीं, बिट्टू कुमार दो भाइयों में बड़ा था। वह पढ़ाई के साथ अपने पिता के खेती-किसानी के काम में भी हाथ बंटाता था। परिजनों के अनुसार उसने गुरुवार को मैट्रिक परीक्षा के लिए दोबारा फार्म भरा था। बताया गया कि उसके पिता ने शुक्रवार को उसे घर से बाहर जाने से मना भी किया था, लेकिन पिता के मोहनिया चले जाने के बाद वह दोस्तों के साथ बाइक से निकल गया।

तीसरा मृतक दिलखुश राय भी दो भाइयों में बड़ा था और दसवीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता जैनुद्दीन राय मुंबई में रहते हैं और शुक्रवार को ही मुंबई के लिए रवाना हुए थे। उन्हें शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि घर से निकलने के कुछ ही समय बाद परिवार पर इतनी बड़ी विपत्ति टूट पड़ेगी। एक ही गांव के तीन युवाओं की मौत की खबर फैलते ही बघिनी में मातम छा गया। घरों में चीख-पुकार मच गई और परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो उठा। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दे रहे हैं।

 

Exit mobile version