Home मुंगेर घर में चोरी कर भतीजे ने खरीदी नई बाइक, 5 लाख का...

घर में चोरी कर भतीजे ने खरीदी नई बाइक, 5 लाख का 45 ग्राम सोना महज 1.82 लाख में दुकानदार ने खरीदा

मुंगेर में चाचा के घर से 45 ग्राम सोना चोरी, गहने बेचकर भतीजे ने खरीदी बाइक

Bihar: मुंगेर, घर में रखे सोने के गहनों पर भतीजे की नीयत बिगड़ी तो उसने अपने ही चाचा के घर को निशाना बना लिया। आरोप है कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर करीब 45 ग्राम सोने के गहने चोरी कर लिए और उन्हें बेचकर नई बाइक खरीद ली। घर में अचानक नई बाइक आने के बाद परिजनों को संदेह हुआ। पूछताछ में चोरी का खुलासा होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। इस मामले में चोरी के गहने खरीदने वाले मयूर चौक स्थित एक ज्वेलर्स दुकानदार को भी पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले आई। मामला मुंगेर के हेरुदियारा निवासी नवीन कुमार के घर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घर में अचानक नई बाइक पहुंचने पर परिजनों को भतीजे की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद जब उससे पूछताछ की गई तो नवीन कुमार के भतीजे प्रियांशु कुमार और पड़ोस के भतीजे सोनू कुमार ने घर में रखे करीब 45 ग्राम सोने के गहने चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों युवकों ने परिजनों को बताया कि चोरी किए गए गहने मयूर चौक स्थित स्वर्ण व्यवसायी अमरदीप पोद्दार की दुकान में बेचे गए थे। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली थाने की पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दुकान के बाहर परिवार और स्थानीय लोगों की भीड़
दुकान के बाहर परिवार और स्थानीय लोगों की भीड़

1.82 लाख रुपये में खरीदे गए गहने, रकम से खरीदी बाइक

परिजनों की सूचना पर पुलिस ने संबंधित ज्वेलर्स दुकानदार को पूछताछ के लिए थाने लाया। पूछताछ के दौरान दुकानदार ने दोनों युवकों से करीब 45 ग्राम सोने के गहने खरीदने और इसके बदले 1.82 लाख रुपये देने की बात स्वीकार की। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने गहने बेचकर मिली रकम से नई बाइक खरीदी थी। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरी किए गए गहनों की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये थी, लेकिन दुकानदार ने उन्हें महज 1.82 लाख रुपये में खरीद लिया। इस तरह गहनों को कथित तौर पर काफी कम कीमत पर खरीदे जाने का मामला भी सामने आया है।

चोरी के जेवर खरीदने में पहले भी दो बार जेल जा चुका है दुकानदार

मामले में संबंधित दुकानदार अमरदीप पोद्दार के पुराने आपराधिक इतिहास की बात भी सामने आई है। बताया गया है कि वह इससे पहले भी चोरी के गहने खरीदने के मामलों में दो बार जेल जा चुका है। इस घटना के बाद स्थानीय सराफा कारोबारियों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। कारोबारियों का कहना है कि चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री से पूरे स्वर्ण व्यवसाय की छवि प्रभावित होती है।

आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version