Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

साथियों के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुशांत उर्फ आकाश अपने घर के बगल में स्थित तालाब में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह नहाते हुए तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गया और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। युवक को डूबता देख उसके साथ स्नान कर रहे अन्य लड़कों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में छलांग लगा दी और काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद परिजन आनन-फानन में युवक को लेकर मोहनियां अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने सुशांत उर्फ आकाश पांडे को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में अनुमंडल अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार ने बताया कि भरखर गांव में तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हुई है। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
18 वर्षीय युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे भरखर गांव में शोक का माहौल व्याप्त है। जिस घर से कुछ देर पहले युवक तालाब में स्नान करने निकला था, वहां उसकी मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं।