Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

संयोगवश उसी समय वहां से गुजर रहे मोहनियां बीडीओ मानेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं दूसरी घटना दादर गांव के समीप एनएच-30 पर हुई, जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार बक्सर जिले के चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवड़िया गांव निवासी ताजुद्दीन, उनकी पत्नी सायरा खातून तथा पुत्री शबनम खातून घायल हो गए। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
इसी बीच एक अन्य दुर्घटना में भभुआ थाना क्षेत्र के गोराईपुर गांव निवासी राकेश पासवान की 10 वर्षीय पुत्री खुशी कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जाता है कि वह अपने परिजनों के साथ बाइक से मोहनियां आ रही थी, तभी अचानक उसका पैर बाइक की चेन में फंस गया। घटना में बच्ची के पैर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया। उधर, दुर्गावती थाना क्षेत्र के धनेछा गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक लखनऊ निवासी सद्दाम गंभीर रूप से घायल हो गया। एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से उसे अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
एक ही दिन में अलग-अलग जगहों पर हुई इन घटनाओं ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।