Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मामले की जानकारी देते हुए मोहनिया डीएसपी गोपाल कृष्ण ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस को मोहनिया थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह (29 वर्ष) के नशे की हालत में होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाने में पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस की नजर उसके मोबाइल फोन की गैलरी पर पड़ी। वहां देशी पिस्टल के साथ उसकी एक तस्वीर मिली। इसके बाद पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हथियार अपने घर में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। युवक की निशानदेही पर पुलिस ने परशुरामपुर स्थित उसके घर के कमरे में बेड पर रखे तकिए के नीचे तलाशी ली। वहां से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में स्वप्नील ने बताया कि उसने करीब पांच महीने पहले मुजान गांव निवासी छोटू कुमार से 40 हजार रुपये में यह पिस्टल खरीदी थी। मामले में छोटू कुमार को भी अभियुक्त बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार युवक की पहचान स्वप्नील कुमार सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, पिता राजू सिंह उर्फ राजबहादुर सिंह, निवासी परशुरामपुर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, एक फाइटर और एक स्मार्टफोन बरामद किया है। इस संबंध में मोहनिया थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।