Home मोहनिया जीपीएस की मदद से चोरी की बाइक तक पहुंची पुलिस, चैनपुर से...

जीपीएस की मदद से चोरी की बाइक तक पहुंची पुलिस, चैनपुर से दो आरोपी गिरफ्तार

कैमूर: जीपीएस से चोरी की बाइक बरामद, चैनपुर से दो गिरफ्तार

Bihar: कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र से चोरी हुई अपाचे बाइक को पुलिस ने जीपीएस की मदद से बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरियां गांव निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजेश कुमार सिंह के 23 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार सिंह उर्फ टाइगर तथा छोटू साह के 22 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई अपाचे बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR45 N 2047) बरामद की है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम मोहनियां शहर में मुंडेश्वरी गेट से दक्षिण एक होटल के समीप जिला मुख्यालय जाने वाली सड़क पर बेलौड़ी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह ने अपनी बाइक खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनकी अपाचे बाइक चोरी कर ली। घटना के बाद बाइक मालिक ने मोहनियां थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी गई बाइक में जीपीएस लगा हुआ है। इसके बाद जीपीएस लोकेशन के आधार पर मोहनियां पुलिस ने बाइक की तलाश शुरू की। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस बाइक का पीछा करते हुए चैनपुर थाना क्षेत्र के दुलहरा और जगरियां गांव के बीच भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे के समीप पहुंची। वहां चोरी की बाइक के साथ मौजूद दोनों युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर बाइक के कागजात और चोरी के संबंध में पूछताछ की गई। हालांकि, दोनों युवक बाइक से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही उसके संबंध में संतोषजनक जानकारी दे पाए। जांच में बाइक मोहनियां से चोरी होने की पुष्टि होने के बाद दोनों आरोपितों को मोहनियां पुलिस अपने साथ थाने ले गई।

इस संबंध में मोहनियां के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल कृष्णा ने अपने कार्यालय कक्ष में बताया कि जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस को चोरी गई बाइक तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली है। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा उनके आपराधिक इतिहास के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, चैनपुर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के अनुसार गिरफ्तार सौरभ कुमार सिंह उर्फ टाइगर के विरुद्ध चैनपुर थाने में पूर्व से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पुलिस की नजर में दागी रहा है और उसके विरुद्ध सीसीए के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस मामले में आगे की जांच-पड़ताल कर रही है।

 

Exit mobile version