Home कैमूर कैमूर में रफ्तार का तांडव: पिकअप की दोहरी टक्कर में युवक की...

कैमूर में रफ्तार का तांडव: पिकअप की दोहरी टक्कर में युवक की मौत, कई घायल; भड़के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

कैमूर सड़क हादसा: अनियंत्रित पिकअप की टक्कर से युवक की मौत, कई घायल, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Bihar: कैमूर जिले में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। भभुआ–मोहनिया मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पहले बाइक सवार को रौंद दिया और फिर कुछ दूरी आगे बढ़कर एक ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और एम्बुलेंस के देर से पहुंचने से नाराज़ ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। जानकारी के मुताबिक हादसा भभुआ–मोहनिया रोड स्थित बबुरा गांव के उर्दू मध्य विद्यालय के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोहनिया की तरफ से तेज गति में आ रही एक पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बेलांव थाना क्षेत्र के चनकी गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार अहीरांव गांव निवासी मुकेश बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने लगा। इसी दौरान बबुरा गांव स्थित मस्जिद के पास पिकअप ने एक ई-रिक्शा को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें बैठे कई यात्री घायल हो गए। इस दूसरी दुर्घटना में चैनपुर थाना क्षेत्र के रुपापट्टी गांव निवासी मराछु प्रसाद, उनकी पत्नी उमरौती देवी तथा बेलांव थाना क्षेत्र के अहिरांव गांव निवासी मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निजी वाहनों के जरिए भभुआ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला समेत दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक पिकअप वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

उधर, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक न तो पुलिस पहुंची और न ही एम्बुलेंस। लोगों का कहना था कि मृतक का शव घंटों सड़क पर पड़ा रहा और घायल तड़पते रहे, लेकिन प्रशासनिक मदद समय पर नहीं मिली। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली से नाराज़ ग्रामीणों ने भभुआ–मोहनिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और समझाने-बुझाने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। करीब एक घंटे बाद तीन एम्बुलेंस के साथ भभुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों को शांत कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया। जाम हटने के बाद आवागमन फिर से बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Exit mobile version