Home कैमूर कैमूर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 30 लाख की विदेशी...

कैमूर में शराब तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 30 लाख की विदेशी शराब जब्त; एक गिरफ्तार

कैमूर में 2075 लीटर शराब जब्त, 30 लाख की शराब के साथ एक गिरफ्तार

Bihar: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए कैमूर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने छापेमारी और वाहन जांच के दौरान कुल 2075 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। अंतरराज्यीय बाजार में जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक कथित शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान एक टाटा मैजिक और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मोहनिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गोपाल कृष्ण ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

सोतवां पुल के पास पिकअप से मिली 1059 लीटर शराब

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे नुआंव थाना को सूचना मिली कि सफेद रंग की पिकअप में अवैध विदेशी शराब लेकर तस्कर सोनबरसा होते हुए सोतवां पुल के रास्ते कोचस की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सोतवां पुल के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली, जिसमें से 1059.42 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब और पिकअप को जब्त कर लिया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बहुआरा मोड़ पर टाटा मैजिक से 1015 लीटर शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई कुढ़नी थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग की टाटा मैजिक गाड़ी में शराब लेकर नुआंव की ओर से नहर रोड के रास्ते तस्करी की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने बहुआरा मोड़ पर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 1015.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवली गांव निवासी ललन बिंद के 22 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश बिंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शराब और टाटा मैजिक वाहन जब्त कर लिया।

शराब तस्करी के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

एसडीपीओ गोपाल कृष्ण ने बताया कि कैमूर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों और अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस को कई मामलों में सफलता मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों मामलों में पुलिस फरार चालक की तलाश और शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Exit mobile version