Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस को दिए आवेदन में रूपपट्टी गांव निवासी मनोज बिंद, पिता सुदर्शन बिंद, ने बताया कि 18 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे वह मुंडेश्वरी से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर पुल के पास पहले से मौजूद गांव के गौतम पटेल सिंह, पिता नवल सिंह, ने पुराने पैसे के लेनदेन को लेकर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी।
मनोज बिंद के अनुसार, विरोध करने पर आरोपित ने तलवार से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर जब उनकी पत्नी माधुरी देवी मौके पर पहुंचकर बचाव करने लगीं, तो आरोपित ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह दोनों को बचाया गया। घायल दंपति पहले चैनपुर थाना पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए चैनपुर सीएचसी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद मनोज बिंद ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मारपीट में घायल व्यक्ति का चिकित्सीय उपचार कराया गया है। पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।