Home चैनपुर धान रोपाई के बीच काल बना विषधर, इलाज में देरी से तीन...

धान रोपाई के बीच काल बना विषधर, इलाज में देरी से तीन बच्चों की मां की मौत

कैमूर: धान रोपाई के दौरान सांप के डसने से महिला की मौत, झाड़-फूंक के कारण इलाज में हुई देरी

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में अंधविश्वास एक बार फिर एक परिवार पर भारी पड़ गया। धान की रोपाई के दौरान विषैले सांप के डसने से 41 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने प्राथमिक उपचार और अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे इलाज में हुई देरी जानलेवा साबित हुई। मृतका की पहचान रामगढ़ निवासी शंभू राजभर की पत्नी सूर्यकला देवी (41) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार को वह गांव के दक्षिण स्थित खेत में अन्य महिलाओं के साथ धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान खेत में छिपे विषैले सांप ने उनके दाहिने पैर में डस लिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय उत्तर प्रदेश के अमवा स्थित सती माई मंदिर में झाड़-फूंक कराने ले गए। वहां कुछ समय तक उनकी हालत सामान्य लगने पर उन्हें वापस घर ले आया गया। हालांकि शाम होते-होते उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए चंदौली के एक निजी अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृत्यु के बाद शव को भभुआ सदर अस्पताल लाया गया, जहां चैनपुर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रविवार को पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सूर्यकला देवी अपने पीछे 17 वर्षीय एक बेटी और 10 व 8 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गई हैं। उनकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।
मानसून के दौरान कैमूर जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस वर्ष अब तक जिले में सांप के काटने से एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से लगातार अपील कर रहा है कि सर्पदंश होने पर किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय न गंवाएं। मरीज को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाकर एंटी-स्नेक वेनम (ASV) से उपचार कराना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।

 

Exit mobile version