Home चैनपुर कैमूर में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, बाइक की...

कैमूर में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर थाने पहुंचा मामला

कैमूर: दहेज में बाइक की मांग पर विवाहिता से मारपीट का आरोप, चैनपुर थाने में केस दर्ज

Bihar: कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज में मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर चैनपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए आवेदन में भगवानपुर थाना क्षेत्र के किनरचोला गांव निवासी अंजनी कुमारी, पिता स्वर्गीय गोवर्धन राम ने बताया कि उनकी शादी 27 अप्रैल 2022 को हिंदू रीति-रिवाज से चैनपुर थाना क्षेत्र के पर्वतपुर गांव निवासी संतोष राम, पिता स्वर्गीय नंदू राम के साथ हुई थी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

NS News

उनका आरोप है कि शादी में दहेज के रूप में करीब तीन लाख रुपये नकद, तीन लाख रुपये से अधिक के गहने, कपड़े और अन्य सामान दिए गए थे। इसके बावजूद विवाह के समय से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। पीड़िता के अनुसार, शुरुआती दिनों में मायके पक्ष के समझाने पर मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ समय बाद पति, सास लाची देवी और चचेरी सास मीना देवी सहित अन्य लोग फिर से मोटरसाइकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की जाती थी।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि 15 जुलाई 2026 की रात दहेज में बाइक नहीं मिलने से नाराज ससुराल वालों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलने पर उनके भाई ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को चैनपुर थाना लाया, जहां से प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इलाज के बाद पीड़िता ने चैनपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

Exit mobile version